नई दिल्ली। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, अदालत के आदेश के अनुसार आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल किसी भी सरकारी फाइल पर हस्ताक्षर नहीं कर सकते हैं। इस कारण वह नेता प्रतिपक्ष भी नहीं बन सकते हैं। वह बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को दिल्ली में बसाने वाले अमानतुल्लाह खान या अपराधियों से संबंध रखने वाले नरेश बाल्यान को नेता प्रतिपक्ष बनाएंगे।
प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा, कट्टर बेइमान केजरीवाल भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के साथ मिले हुए हैं। भ्रष्टाचार के मामले में केजरीवाल, सिसोदिया, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन जमानत पर बाहर हैं। उनसे दिल्ली के मुद्दों पर कोई प्रश्न नहीं पूछे इसके लिए वह झूठी बयानबाजी कर रहे हैं।
एक भी वादा पूरा नहीं हुआ
केजरीवाल ने यमुना को साफ करने, यूरोप की तरह सड़कें बनाने और प्रत्येक घर में नल से स्वच्छ जल देने, 20 कॉलेज व 20 अस्पताल बनाने का वादा किया था। इसमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। भाटिया ने कहा केजरीवाल की तीन प्रेसवार्ता इस बात का उदाहरण है कि वह किस तरह से मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।
आप के कुछ नेताओं के घर रेड होगी
छह जनवरी को उन्होंने प्रेसवार्ता और उसके बाद एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि मुख्यमंत्री आतिशी की गिरफ्तारी होगी और मनीष सिसोदिया और आप के कुछ नेताओं के घर रेड होगी। उनके इस बयान के 15 दिन हो गए हैं। अब उन्हें बताना चाहिए कि किसकी गिरफ्तारी हुई या किसके घर पर रेड की गई।
11 जनवरी को उन्होंने प्रेसवार्ता कर कहा था कि भाजपा रमेश बिधूड़ी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करेगी। यह सही है कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। केजरीवाल को बताना चाहिए कि उनका नेता प्रतिपक्ष का चेहरा कौन होगा, क्योंकि वह स्वयं नहीं बन सकेंगे।
मुख्यमंत्री आवास पर की गई मारपीट
14 जनवरी को केजरीवाल ने यह झूठा आरोप लगाया था कि भाजपा सोने की चेन बांट रही है। उन्हें मालूम होना चाहिए कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के बल पर चुनाव लड़ती है। उन्होंने कहा, केजरीवाल बार-बार आतिशी को अस्थायी मुख्यमंत्री बताते हुए अपने आप को चेहरा घोषित करते हैं। संवैधानिक पद पर बैठी हुई महिला का वह अपमान कर रहे हैं। सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मुख्यमंत्री आवास पर मारपीट की गई।
जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया
भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने कहा, अराजक व आपदा पार्टी महिलाओं को प्रताड़ित करती रही है। नरेला के आप विधायक शरद चौहान पर आरोप लगा था कि उनकी प्रताड़ना से सोनी नाम की कार्यकर्ता ने आत्महत्या कर ली थी।
द्वारका वेस्ट की एक अनुसूचित जाति की महिला वीना वर्मा ने आप विधायक विनय मिश्रा पर दुर्व्यवहार करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला के आरोप पर मामला दर्ज हो गया है। मिश्रा ने महिला से निगम चुनाव में टिकट दिलाने के लिए पैसे लिए थे। टिकट नहीं मिलने पर पैसे की मांग करने पर अनुसूचित जाति की महिला को प्रताड़ित कर रही है।